आईपीएल 2026 के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की फॉर्म को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं। इसी बीच टीम के उपकप्तान जितेश शर्मा ने भी कोहली के फॉर्म को देखते हुए बड़ी भविष्यवाणी कर दी है।
जितेश शर्मा का मानना है कि विराट कोहली इस सीजन अपने ही 973 रन के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं, जो उन्होंने IPL 2016 में बनाया था। उस सीजन कोहली ने 16 मैचों में 973 रन बनाए थे, जो अब तक किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक सीजन में सबसे ज्यादा रन हैं।
जितेश ने हाल ही में यट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया के साथ किए गए इंटरव्यू में कहा कि कोहली जिस तरह नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह बेहद शानदार है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि “बस बैट से ठक-ठक की आवाज आ रही है,” जिससे साफ है कि कोहली बेहतरीन टच में हैं।
VIDEO:
कोहली का हालिया फॉर्म भी शानदार रहा है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दो लगातार शून्य के बाद उन्होंने जोरदार वापसी की है। पिछले 9 मैचों में उन्होंने 4 शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास काफी ऊंचा नजर आ रहा है। पिछले आईपीएल सीजन में भी कोहली RCB के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 15 पारियों में 657 रन बनाए थे और 8 अर्धशतक लगाए थे।
IPL 2026 के ओपनिंग मैच में RCB अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में करेगी। ऐसे में सभी की नजरें विराट कोहली पर होंगी कि क्या वह इस बार अपने ही ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ पाते हैं या नहीं।
आईपीएल 2026 के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम:
विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, जितेश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, अभिनंदन सिंह, जैकब बेथेल, नुवान तुषारा, रसिख डार, स्वप्निल सिंह, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओत्सवाल, विहान मल्होत्रा और कनिष्क चौहान।
एक टिप्पणी भेजें