क्या वीरेंद्र सहवाग सचमुच 'अनप्रोफेशनल' हैं? मिलर पर कमेंट करने के चलते सहवाग पर बरसे फैंस

 


भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर और मुल्तान के सुल्तान कहे जाने वाले वीरेंद्र सहवाग आजकल टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में कमेंट्री कर रहे हैं। अक्सर वीरू को कमेंट्री के दौरान बेबाकी से बोलते हुए और मस्ती करते हुए भी देखा गया है लेकिन हाल ही में उन्होंने कमेंट्री के दौरान डेविड मिलर को लेकर एक ऐसा कमेंट किया जिसे सुनने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस उनके खिलाफ हो गए हैं।

सहवाग ने कहा था कि उन्होंने डेविड मिलर को पंजाब किंग्स में साथ रहने के दौरान स्पिन खेलना सिखाने से मना कर दिया था। सहवाग ने कथित तौर पर कहा, “जब मैं आईपीएल में पंजाब का मेंटर था, तो मिलर मुझसे पूछते थे कि ऑफ-स्पिन कैसे खेलते हैं। मैंने जानबूझकर उन्हें नहीं बताया क्योंकि उसके बाद, साउथ अफ्रीका की भारत के खिलाफ सीरीज थी।”

सहवाग का ये कमेंट सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गया और फैंस ने उनकी कड़ी आलोचना भी की। कुछ फैंस ने एक प्रोफेशनल टीम सेटअप में मेंटर के तौर पर वीरेंद्र सहवाग की ईमानदारी पर सवाल उठाए। एक्स पर एक यूज़र ने लिखा, “सहवाग एक मेंटर के तौर पर अपनी भूमिका के साथ बेईमान थे।” एक दूसरे यूजर ने कहा, “इतना अनप्रोफेशनल होना एक बात है। इस बारे में डींगें हांकना दूसरी बात है। लेकिन अब मुझे कोई बात हैरान नहीं करती।”

इतना ही नहीं मिलर के लिए टिप्पणी तो एक बात थी लेकिन दूसरी तरफ, सहवाग ग्लेन मैक्सवेल के लिए भी बहुत सख्त थे। सहवाग कई बार कह चुके हैं कि मैक्सवेल एक अनसीरियस क्रिकेटर है। वीरेंद्र सहवाग ने कहा था, “मैक्सवेल, लिविंगस्टोन में अब कोई भूख नहीं है। वो अपनी छुट्टियां बिताने के लिए भारत आते हैं। ऐसा नहीं है कि वो अपनी टीमों से प्यार करते हैं या उनके लिए मैच जीतने का जुनून रखते हैं। उन्होंने अभी तक कोई ट्रॉफी नहीं जीती है और उन्हें इस साल ये करना है। मैंने बहुत सारे विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेला है, जिनमें से शायद एक या दो में भूख थी। ये दूसरे लोग सिर्फ बातें करते हैं और मैदान पर कोई परफॉर्मेंस नहीं दिखाते।”

0/Post a Comment/Comments