WATCH: 'कोहली ऐसा शॉट कभी नहीं खेलते', दिनेश कार्तिक ने बाबर आज़म की विराट के साथ तुलना पर उठाए सवाल


टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में खराब शॉट खेलकर आउट होने पर पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज बाबर आज़म को पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ दिनेश कार्तिक ने जमकर लताड़ा। कार्तिक ने कहा कि इस तरह की जल्दबाज़ी और दबाव में हार मान लेना महान खिलाड़ियों की पहचान नहीं होती। उन्होंने बाबर और विराट कोहली की तुलना को भी अब बंद करने की सलाह दी।

भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के बाद बाबर आज़म की बल्लेबाज़ी को लेकर बहस तेज हो गई है। इस मैच में पाकिस्तान की टीम 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बुरी तरह बिखर गई और आसानी से मुकाबला हार गई। बाबर आज़म बेहद खराब शॉट खेलकर 5 रन पर ही जल्दी पवेलियन लौट गए, जिसके बाद उनकी काफी आलोचना हुई।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने इस पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह बाबर ने गैरज़रूरी बड़ा शॉट खेला, वह किसी जिम्मेदार बल्लेबाज़ की सोच नहीं दर्शाता।

कार्तिक ने हाल ही में क्रिकबज पर बातचीत के दौरान कहा कि वह कभी विराट कोहली को इतनी जल्दी इस तरह जोखिम भरा शॉट खेलते हुए सोच भी नहीं सकते। उनके मुताबिक विराट दबाव में टिककर खेलने, स्ट्राइक रोटेट करने और टीम को जीत के करीब ले जाने पर भरोसा रखते हैं। इस बातचीत में उन्होंने बाबर आज़म और विराट कोहली की तुलना को भी गलत बताया और कहा कि महान खिलाड़ी दबाव में टूटते नहीं, बल्कि उसी में निखरते हैं।

इस मैच में पाकिस्तान की पूरी बल्लेबाज़ी लड़खड़ा गई और 114 रनों पर ही सिमट गई। भारत ने शानदार गेंदबाज़ी के दम पर मुकाबला एकतरफा अंदाज़ में अपने नाम किया।

हाल के वर्षों में भारत के खिलाफ बाबर आज़म का रिकॉर्ड भी कुछ खास नहीं रहा है, जबकि विराट कोहली लगातार पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मंच पर मैच जिताऊ पारियां खेलते आए हैं।

साल 2021 में 68 रन की पारी खेलने के बाद से बाबर भारत के खिलाफ लगातार संघर्ष करते नजर आए हैं। इसके बाद उनके स्कोर क्रमशः 10, 14, 0, 13 और 5 रन रहे हैं। कुल मिलाकर भारत के खिलाफ छह टी20 वर्ल्ड कप मैचों में बाबर ने सिर्फ 110 रन बनाए हैं, जहां उनका औसत 22 और स्ट्राइक रेट 123.59 रहा है।

वहीं दूसरी ओर विराट कोहली ने इस महामुकाबले में हमेशा दबदबा बनाए रखा है। पूर्व भारतीय कप्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ 11 टी20 मैचों में 492 रन ठोके हैं, जिसमें उनका शानदार औसत 70.28 रहा है। 


0/Post a Comment/Comments