T20WC 2026, Super 8: हैरी ब्रूक ने जड़ा कप्तानी शतक, इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर मारी सेमीफाइनल में एंट्री

 


T20 World Cup 2026 Super 8, England vs Pakistan Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान ने 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे और टीम 165 रन का ही लक्ष्य खड़ा कर पाई। जवाब में इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी ब्रूक ने शतकीय पारी खेली डाली और टीम की जीत पक्की कर दी।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज का पांचवां मुकाबला मंगलवार( 24 फरवरी) को इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।

पाकिस्तान की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और सलामी बल्लेबाज सैम अयूब (7) और कप्तान सलमान अली आगा (5) सस्ते में ही पवेलियन लौट गए। मध्य ओवर में बाबर आज़म (25) और फखर ज़मान (25) ने कुछ रन जोड़े, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। 

हालांकि सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने एक छोर से 45 गेंदों में 63 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 164 रन का स्कोर खड़ा कर पाई।

इंग्लैंड के लिए इस पारी में लियाम डॉसन ने 3 विकेट झटके, वहीं जेमी ओवरटन और जोफ्रा आर्चर  ने 2-2 विकेट चटकाए। इसके आदिल राशिद ने भी 1 सफलता हासिल की।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को भी फिल साल्ट (0) और जोस बटलर (2) के रुप में शुरुआती झटके जल्दी लग गए। इसके बाद जैकब बेथेल (8) और टॉम बैंटन (2) भी ज्यादा देर नहीं टीक पाए। ऐसे में पारी को संभाला तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे कप्तान हैरी ब्रूक ने। 

हैरी ब्रूक ने तूफानी शतक जड़ते हुए 51 गेंदों में 100 रन की मैच जीताऊ पारी खेल डाली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा विल जैक्स ने भी 6वें विकेट के लिए ब्रूक के साथ 52 रन की साझेदारी निभाते हुए 23 गेंदों में 28 रन की अहम पारी खेली और टीम ने 5 गेंदें शेष रहते लक्ष्य को हासिल कर लिया।

पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी में शाहीन शाह अफरीदी ने 4 विकेट झटके, वहीं मोहम्मद नवाज़ और उस्मान तारिक ने 2-2 विकेट चटकाए।

इस तरह इंग्लैंड ने 2 विकेट से ये मुकाबला अपने नाम किया और सुपर-8 के ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई है।

0/Post a Comment/Comments