बुमराह ने अपने कोटे के चार ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन औऱ कोर्बिन बॉश को अपना शिकार बनाया।
टी-20 वर्ल्ड कप में अपने कोटे के सभी ओवर डालने के बाद 15 या उससे कम रन खर्च करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में बुमराह पहले नंबर पर आ गए हैं, उन्होंने पांचवीं बार ऐसा कर सैमुएल बद्री, अंजता मेंडिस और टिम साउदी को पीछे छोड़ा।
भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट
बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 32 विकेट लिए थे। वहीं अब बुमराह के टूर्नामेंट के इतिहास मे 33 विकेट हो गए हैं। 32 विकेट के साथ अर्शदीप सिंह संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
मलिंगा को छोड़ा पीछे
टी-20 इंटरनेशनल (पूर्ण सदस्य टीमों में) में सबसे ज्यादा खिलाड़ियों को बोल्ड आउट करने वाले गेंदबाजों में बुमराह पहले नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने अब तक 44 खिलाड़ियों को बोल्ड किया है औऱ इस लिस्ट में लसिथ मलिंगा (43 विकेट) को पछाड़ा।
गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारतीय टीम को 76 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। जिसमें डेविड मिलर ने 63 रन, डेवाल्ड ब्रेविस ने 45 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 44 रन की पारी खेली।
भारत के लिए बुमराह के अलावा अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट, वरूण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट हासिल किया।
जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। जिसमें शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए।
साउथ अफ्रीका के लिए मार्को यान्सेन ने 4 विकेट, केशव महाराज ने 3 विकेट, कोर्बिन बॉश ने 2 विकेट औऱ कप्तान एडेन मार्करम ने 1 विकेट लिया।
एक टिप्पणी भेजें