यश दयाल का पलटवार, यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला के खिलाफ FIR के लिए दी तहरीर; लाखों रुपये, आईफोन और लैपटॉप चुराने की कही बात


Yash Dayal: आरोपों के बीच घिरे यश दयाल ने बड़ा पलटवार करते हुए उन पर आरोप लगाने वाली महिला के खिलाफ FIR दर्ज करने की अपील की है।

Yash Dayal Appeal For FIR: उत्तर प्रदेश की घरेलू टीम और आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले यश दयाल इन दिनों यौन शोषण, शादी का झांसा देने, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोपों की गिरफ्त में हैं। गाजियाबाद की एक महिला ने आरसीबी के तेज गेंदबाज पर तमाम आरोप लगाए। अब उत्तर प्रदेश के पेसर की तरफ से पलटवार करते हुए महिला के खिलाफ FIR दर्ज कराने की तहरीर दी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यश ने प्रयागराज के खुल्दाबाद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करने की अपील की है। यश की तरफ से बताया गया कि दोनों एक दूसरे को 2021 से जानते हैं। बाकी उन्होंने महिला के ऊपर पैसे लेने और सामान चोरी करने के भी आरोप लगाए हैं।

यश दयाल का पलटवार

यश दयाल ने प्रयागराज पुलिस को बताया कि वह 2021 से इंस्टाग्राम के जरिए महिला को जानते हैं। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। फिर यश ने बताया कि महिला ने उनसे परिवार के इलाज के नाम पर और खरीदारी के नाम पर लाखों रुपये उधार लिए, लेकिन आज तक वापस नहीं किए। इसके अलावा उन्होंने महिला पर उनका आईफोन और लैपटॉप चुराने की भी आरोप लगाया है।

साथ ही गेंदबाज ने यह भी कहा कि उनके पास सभी आरोपों के सबूत हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो यश की तरफ से तीन पन्नों की शिकायत दर्ज कराने की मांग हुई है। हालांकि अभी यश दयाल की तरफ से FIR की अपील को लेकर आधिकारिक जानकारी आना बाकी है।

महिला यश के खिलाफ दर्ज करवा चुकी है FIR

गौरतलब है कि पीड़ित महिला गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में यश दयाल के खिलाफ FIR दर्ज करवा चुकी है। महिला ने बीएनएस धारा 69 के तहत मामला दर्ज करवाया है। इसके अलावा महिला ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऑफिस में भी शिकायत की है।

0/Post a Comment/Comments