IPL में वो पहली बार इस सीजन 600 से ज्यादा रन बनाएंगे...प्रमुख बल्लेबाज को लेकर चौंकाने वाली भविष्यवाणी

 


आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के परफॉर्मेंस को लेकर पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा है कि रोहित शर्मा ने कभी भी आईपीएल के एक सीजन में 600 या उससे ज्यादा रन नहीं बनाए हैं लेकिन इस बार वो ये कारनामा कर सकते हैं। आकाश चोपड़ा के मुताबिक रोहित शर्मा के ऊपर अब कप्तानी का प्रेशर नहीं रह गया है और इसी वजह से वो काफी खुलकर बल्लेबाजी कर सकते हैं।

रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर में अब तक कुल 243 मैच खेले हैं जिसमें 29.58 की औसत से कुल 6211 रन बनाए हैं, इसमें एक शतक और 42 अर्धशतक शामिल है। उन्होंने आईपीएल में अभी तक 554 चौके और 257 छक्के लगाए हैं। हालांकि रोहित शर्मा अभी तक किसी एक सीजन में बहुत ज्यादा रन नहीं बना पाए हैं।

ये सीजन रोहित शर्मा का हो सकता है - आकाश चोपड़ा

आकाश चोपड़ा के मुताबिक इस बार रोहित शर्मा जरुर काफी रन बना सकते हैं। उन्होंने अपने यू-ट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में कहा,

रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटा दिया गया है। जब हम रोहित शर्मा जैसे बड़े प्लेयर की बात करते हैं तो फिर हम कह सकते हैं कि वो आसानी से एक सीजन में 600 रन बना देंगे। हालांकि रोहित शर्मा कभी ऐसा नहीं कर पाए हैं। इस बार वो ये कर सकते हैं। उनके पास कुछ भी साबित करने के लिए नहीं है लेकिन है भी। मुझे लगता है कि वो काफी धुआंधार बल्लेबाजी करेंगे, क्योंकि वो कप्तान नहीं हैं।

आपको बता दें कि रोहित शर्मा की जगह अब हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस का कप्तान बना दिया गया है। रोहित शर्मा ने 11 सीजन मुंबई इंडियंस की कप्तानी की और 5 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। उन्हें 2013 में मिड-सीजन के दौरान टीम का कप्तान बनाया गया था और इसके बाद से रोहित शर्मा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पिछले 11 सीजन के दौरान मुंबई इंडियंस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

0/Post a Comment/Comments