IPL 2024 : 'चिंता मत करो वो...'- रोहित शर्मा को लेकर आकाश अम्बानी ने फैन को दिया जबरदस्त जवाब


आईपीएल 2024 (IPL 2024) की नीलामी खत्म हो चुकी है। दुबई के कोका-कोला एरिना में हुए इस ऑक्शन में 332 खिलाड़ियों पर बोली लगी। 10 टीमों ने कुल 72 खिलाड़ियों को खरीदा। इस दौरान मिचेल स्टार्क सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बने। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24 करोड़ 75 लाख में खरीदा। ऑक्शन के दौरान एक चौंकाने वाला वाकया भी देखने को मिला, जिसमें वहां मौजूद एक फैन ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को फिर से मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की कप्तानी सौंपे जाने की मांग की।

बता दें कि मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को कप्तान नियुक्त कर दिया था। फ्रेंचाइजी के इस फैसले से टीम के फैंस काफी नाराज दिखे। पांड्या को मुंबई ने गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था और दाएं हाथ का तेज गेंदबाज इसी शर्त पर अपनी पुरानी टीम में वापिस लौटा था कि उसे टीम की कप्तानी मिलनी चाहिए।

रिपोर्ट्स के अनुसार, हिटमैन को वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत से पहले फ्रेंचाइजी के इस फैसले के बारे में मालूम था। इस बीच ऑक्शन में ब्रेक के दौरान टीम के मालिक आकाश अम्बानी को देखकर एक फैन ने चिल्लाते हुए उनसे रोहित शर्मा को फिर से टीम का कप्तान बनाये जाने की मांग की। इसके बाद आकाश ने शान्ति से फैन से बात करते हुए कहा कि, 'चिंता मत करो वो बल्लेबाजी करेगा।'

गौरतलब है कि नीलामी में मुंबई इंडियंस ने आठ खिलाड़ियों को खरीदकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया। उन्होंने सबसे ज्यादा पैसे दक्षिण अफ्रीका के युवा तेज गेंदबाज गेराल्ड कोट्जी को खरीदने के लिए खर्च किये। पांच बार की चैंपियन मुंबई ने उन्हें 5 करोड़ में खरीदा। आगामी सीजन के लिए मुंबई की टीम काफी मजबूत लग रही है। फैंस यही उम्मीद करेंगे कि पांड्या अब टीम को छठी बार चैंपियन बनाएंगे।

0/Post a Comment/Comments