ओडिशा CM का बड़ा ऐलान... हॉकी वर्ल्ड कप जीतने पर हर खिलाड़ी पर होगी पैसों की बरसात, मिलेंगे 1 करोड़ रुपये

13 जनवरी से ओडिशा में FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में सबकी निगाहें भारतीय टीम पर टिकी होंगी। वर्ल्ड कप के लिए भारत को पूल D में रखा गया है और इस ग्रुप में टीम इंडिया के अलावा इंग्लैंड, स्पेन और वेल्स भी शामिल है। भारत ने सिर्फ एक बार 1975 में हॉकी वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया था। 

हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय हॉकी टीम इस 48 साल के सूखे को खत्म करने के लिए मैदान पर उतरेगी। इसी बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक (Naveen Patnaik) ने एक बड़ा ऐलान किया है। 

जीतने पर मिलेंगे 1 करोड़

CM नवीन पटनायक ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि हॉकी वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम के हर खिलाड़ी को 1 करोड़ रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। पटनायक ने ये ऐलान गुरुवार को राउरकेला में बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में 'विश्व कप गांव' के उद्घाटन के दौरान किया।

मुख्यमंत्री ने भारतीय हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों के साथ बातचीत की। पटनायक ने कहा, ''अगर हमारा देश विश्व कप जीतता है तो भारतीय टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये का ईनाम दिया जाएगा। मैं टीम इंडिया को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे चैंपियन बनकर उभरें।''

9 महीने में बना 'विश्व कप गांव' 

बता दें कि 'विश्व कप गांव' को रिकॉर्ड 9 महीने में तैयार किया गया है। इसमें हॉकी वर्ल्ड कप के स्तर के अनुरूप सभी सुविधाओं के साथ कुल 224 कमरें हैं। 'विश्व कप गांव' टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमें और अधिकारी रहेंगे। 

हॉकी वर्ल्ड कप आगाज 13 जनवरी को होगा और टूर्नामेंट का पहला मुकाबला इंग्लैंड और वेल्स के बीच खेला जाएगा। वहीं भारत भी इसी दिन अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। टीम इंडिया का पहला मैच स्पेन से होगा। विश्व कप का फाइनल 29 जनवरी को खेला जाएगा। 

4 ग्रुप में बांटी गई टीमें 

ग्रुप A: ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटिना, फ्रांस, साउथ अफ्रीका

ग्रुप B: बेल्जियम, जर्मनी, साउथ कोरिया, जापान

ग्रुप C: नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, मलेशिया, चिली

ग्रुप D: भारत, इंग्लैंड, स्पेन, वेल्स

वर्ल्ड कप के लिए भारतीय स्क्वॉड 

गोलकीपर: कृष्ण बहादुर पाठक, पीआर श्रीजेश 

डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), वरुण कुमार, अमित रोहिदास (उप-कप्तान), नीलम संजीप सेस 

मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, नीलकांत शर्मा, शमशेर सिंह, विवेक सागर प्रसाद, आकाशदीप सिंह 

फॉरवर्ड : मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अभिषेक, सुखजीत सिंह

रिजर्व प्लेयर: राजकुमार पाल, जुगराज सिंह

0/Post a Comment/Comments