‘इस इंसान का चेहरा…’ 7 छक्के मारते समय रुतुराज किस खिलाड़ी को कर रहे थे याद, किया बड़ा खुलासा

रुतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी 2022 में अब तक 276 की औसत और 122.66 की स्ट्राइक रेट से 552 रन बनाए हैं।

चेन्नई टीम के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ महाराष्ट्र टीम के कप्तान हैं, और विजय हजारे ट्रॉफी में वह शानदार फॉर्म में हैं। उनकी टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में जगह भी बना ली है। कुछ दिन पहले क्वाटरफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए महाराष्ट्र ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 330 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसमें से गायकवाड़ ने अकेले 220 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने एक ही ओवर में 7 छक्के भी मारे थे जो क्रिकेट में इतिहास में दर्ज हो चुका है।

उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के स्पिनर शिवा सिंह को 49वें ओवर में 43 रन ठोंकने वाले इस बल्लेबाज ने ने कहा कि वह अपनी जादुई पारी के दौरान केवल एक ही आदमी के बारे में सोच रहे थे। वह कोई और नहीं बल्कि भारतीय दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह हैं।

रुतुराज गायकवाड़ ने अपनी इस पारी के बारे में बयान दिया कि, “पांचवें छक्के के बाद मेरे दिमाग में सिर्फ एक शख्स का ख्याल आया और वह थे युवराज सिंह। जब मैं छोटा था तब मैंने उन्हें एक ओवर में छह छक्के लगाते हुए देखा था। मैं उनकी ही तरह रिकार्ड बनाना चाहता था इसलिए मैंने छठे छक्के के लिए कोशिश की। मैं बहुत खुश था कि मैं छह छक्के लगा पाया। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं एक ओवर में छह छक्के मारूंगा।”

हजारे ट्रॉफी में गायकवाड़ बल्ले से मचा रहे हैं तूफान

रुतुराज गायकवाड़ ने सोमवार को इतिहास रच दिया था। क्योंकि वह लिस्ट ए क्रिकेट में एक ओवर में सात छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच विजय हजारे ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दौरान एक ओवर में 43 रनों के लिस्ट-ए विश्व रिकॉर्ड की भी बराबरी की। महाराष्ट्र के बल्लेबाज ने सेमीफाइनल में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी, और उन्होंने असम के खिलाफ एक और शतक लगाया।

रुतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी 2022 में अब तक 276 की औसत और 122.66 की स्ट्राइक रेट से 552 रन बनाए हैं। उन्होंने सीजन में अब तक तीन शतक जड़े हैं। वह टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज भी हैं।

0/Post a Comment/Comments