National Sports Day: पीएम मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि, वीडियो के जरिए दिया खास संदेश

हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। यह दिन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता है। हॉकी के जादूगर की आज 117वीं जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो द्वारा एक स्पेशल संदेश देकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, ‘मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हाल के वर्ष खेल के लिए काफी अच्छे रहे हैं। उम्मीद है यह सिलसिला आगे भी जारी रहे। खेलों को पूरे भारत में लोकप्रियता हासिल हो।’

यहां देखिए वीडियो-

अपने करियर में 400 से अधिक इंटरनेशनल गोल दागे

हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद जी का जन्म 29 अगस्त 1905 को यूपी के प्रयागराज में हुआ था। उनके शानदार खेल की बदौलत भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 1928, 1932 और 1936 ओलंपिक में तीन स्वर्ण पदक जीते थे। मेजर ध्यानचंद ने 1936 बर्लिन ओलंपिक फाइनल में जर्मनी पर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

भारतीय टीम ने उस मैच को 8-1 से अपने नाम किया था और हॉकी के जादूगर ने उस मैच में 3 गोल किए थे। वह 1928 एम्स्टर्डम ओलंपिक में 14 गोल करने वाले खिलाड़ी भी थे। उन्होंने अपने 22 साल के लंबे करियर में 400 से अधिक इंटरनेशनल गोल किए। अपने पूरे करियर में मेजर ध्यानचंद ने लगभग हजार गोल किए।

हॉकी में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें 1927 में लांस नायक के रूप में नियुक्त किया गया और 1932 में नायक और 1936 में सूबेदार के रूप में पदोन्नत किया गया। इसी वर्ष भारतीय हॉकी टीम की बागडोर संभाली। वह लेफ्टिनेंट, फिर कैप्टन और आखिरी में मेजर के रूप में पदोन्नत हुए।

0/Post a Comment/Comments